
'उद्धव की पार्टी के साथ गठबंधन चाहते हैं BJP के नेता
‘उद्धव की पार्टी से गठबंधन चाहते हैं भाजपा नेता’, संजय राउत के दावे से मचा हड़कंप, सीएम फडणवीस ने दिया जवाब
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने संजय राउत के उस दावे को खारिज कर दिया जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा के कई नेता शिवसेना यूबीटी के साथ गठबंधन करना चाहते हैं। सीएम फडणवीस ने कहा कि सामान्य मुलाकातों को राजनीतिक रूप से नहीं देखा जाना चाहिए। आपको बता दें कि विधायक पराग अलवानी की बेटी के विवाह समारोह में भाजपा और शिवसेना यूबीटी नेताओं के बीच कुछ बातचीत हुई थी।

पीटीआई, मुंबई।
हाल ही में संजय राउत ने दावा किया था कि सत्तारूढ़ भाजपा के कई नेता शिवसेना यूबीटी के साथ गठबंधन करना चाहते हैं। संजय राउत के इस दावे को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने खारिज कर दिया है।
बुधवार रात विधायक पराग अलवानी की बेटी के विवाह समारोह में शिवसेना यूबीटी प्रमुख की मौजूदगी में उद्धव ठाकरे के सहयोगी और विधान परिषद सदस्य मिलिंद नार्वेकर और भाजपा मंत्री चंद्रकांत पाटिल के बीच कुछ कहासुनी हो गई।

नार्वकर और पाटिल के बीच क्या हुआ?
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने बताया कि नार्वेकर ने मजाकिया अंदाज में पाटिल से कहा, अच्छा हुआ कि पत्रकार यहां नहीं हैं…नहीं तो वे कहेंगे कि गठबंधन की बातचीत चल रही है। पाटिल ने चुटकी ली, यह स्वर्णिम क्षण होगा। इस कार्यक्रम में एकनाथ शिंदे, अजित पवार भी शामिल हुए। कार्यक्रम के बाद संजय राउत ने कहा, चंद्रकांत पाटिल की भावनाएं यानी भाजपा-शिवसेना गठबंधन, भाजपा में कई अन्य लोगों की भी भावनाएं हैं। मैं उनके विचारों की सराहना करता हूं। भाजपा ने हमारी असली शिवसेना को छोड़कर ‘डुप्लीकेट शिवसेना’ का समर्थन किया, जो हमारा हक था वह एकनाथ शिंदे को दिया गया। क्या कहा सीएम फडणवीस ने? दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए सीएम फडणवीस ने कहा कि जनसभाओं को राजनीतिक तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए।
